Delhi Breaking News : गर्मी के असर से दिल्ली जू में जीव हुए बेहाल

0
119
Delhi Breaking News : गर्मी के असर से दिल्ली जू में जीव हुए बेहाल
Delhi Breaking News : गर्मी के असर से दिल्ली जू में जीव हुए बेहाल

जू प्रबंधन लगातार रख रहा स्थिति पर नजर, गर्मी से बचाने के लिए चलाए जाएंगे फव्वारे, खानपान में भी होगा बदलाव

Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली सहित समूचा उत्तर भारत गर्मी से बेहाल हो गया है। अप्रैल अभी आधा भी नहीं बीता है और गर्मी मई वाली चल रही है। खासकर राजधानी दिल्ली में तापमान 40 डिग्री के ऊपर चला गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और भी भी ज्यादा तेजी देखने को मिल सकती है। एक तरफ जहां लोग इस चिलचिलाती गर्मी से परेशान हैं वहीं जीव जंतुओं का भी बुरा हाल है। दिल्ली चिड़ियाघर प्रबंधन ने इस बढ़ रही गर्मी से जीवों को बचाने के लिए विशेष पलान तैयार किया है।

इस तरह तैयारी कर रहा जू प्रबंधन

राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (दिल्ली चिड़ियाघर) ने पशु-पक्षियों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। शेर, बाघ और तेंदुए जैसे मांसाहारी जानवरों के बाड़ों में कूलर लगाए जा रहे हैं। ताकि उनका वातावरण ठंडा रहे। वहीं, चिड़ियाघर में जानवरों के खान-पान में भी बदलाव किया गया है। मांसाहारी जानवरों को गर्मी के हिसाब से कम मात्रा में मांस दिया जा रहा है। भालू और बंदरों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं।

जहां सर्दियों में उन्हें 100 ग्राम गाजर और रोटी दी जाती थी। वहीं अब गर्मियों में उन्हें 50 ग्राम चावल और खीरा दिया जा रहा है। इसके अलावा हाथियों के लिए एक बड़े तालाब में ठंडे पानी के साथ फव्वारे की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें गर्मी से राहत मिल सके।

पक्षियों का इस तरह रखा जा रहा ख्याल

चिड़ियाघर में सिर्फ जानवरों के साथ-साथ पक्षियों का भी खास ख्याल रखा जा रहा है। पक्षियों के लिए तालाबों में मछलियों की मात्रा कम कर दी गई है, ताकि वे हल्का खाना खा सकें। शाकाहारी जानवरों के आहार में बेलपत्र को शामिल किया गया है। वहीं, गुन्न और आंवला देना बंद कर दिया गया है।

जीव-जंतुओं के लिए व्यापक व्यवस्था पर फोकस : डॉ. कुमार

चिड़ियाघर के निदेशक डॉ. संजीत कुमार के मुताबिक, इस साल गर्मी ज्यादा पड़ने की संभावना को देखते हुए फव्वारे, छायादार बाड़े और भरपूर पेयजल की व्यवस्था पहले ही कर ली गई है। इसके अलावा जानवरों के बाड़ों में समय-समय पर छिड़काव भी किया जा रहा है ताकि उनके आसपास ठंडा वातावरण बना रहे। दिलचस्प बात यह है कि अक्टूबर से बंद पड़ा स्नेक हाउस एक अप्रैल से फिर से खुल गया है। यहां अजगर, कोबरा समेत कई सांपों के लिए एसी की व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें ठंडा वातावरण मिल सके।

ये भी पढ़ें : Delhi Pollution News : प्रदूषण कम करने के लिए दिल्ली सरकार का मास्टर प्लान

ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते छह पकड़े