झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के परिणाम पूरी तरह से अब तक नहीं आ पाए हैं लेकिन रुझानों ने साफ कर दिया है कि भाजपा के हाथ से झारखंड राज्य निकल गया है। वहां हेमंत सोरेन की पार्टी जेएमएम सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर सामने आई है। जेएमएम महागठबंधन के साथ है और महागठबंधन को अब तक के रुझानों और परिणामें के अनुसार 47 सीटों पर जीत मिलती दिख रही है। वहीं दूसरी ओर भाजपा की झारखंड में हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर जनता के आदेश के सम्मान की बात कही। उन्होंने लिखा है, “हम झारखंड की जनता द्वारा दिये गये जनादेश का सम्मान करते हैं। भाजपा को 5 वर्षों तक प्रदेश की सेवा करने का जो मौका दिया था उसके लिए हम जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। भाजपा निरंतर प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध रहेगी। सभी कार्यकर्ताओं का उनके अथक परिश्रम के लिए अभिनंदन।”
बता दें कि अब तक 19 सीटों का परिणाम जारी हो सकता है। निर्वाचन आयोग ने अभी 19 सीटों का परिणाम आधिकारिक तौर पर जारी किया है। इनमें से बीजेपी 6, आजसू 1, कांग्रेस 4 और झारखंड मुक्ति मोर्चा को 8 सीटों पर जीत मिल चुकी है। वहीं अभी तक की बढ़त में देखा जाए तो झामुमो 22, बीजेपी 19, कांग्रसे 11 झाविमो 3, आजसू 1, एनसीपी 1, आरजेडी 1, सीपीआई 1 और निर्दलीय उम्मीदवार 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं जमशेदपुर ईस्ट सीट से लगातार पांच बार चुनाव जीतने वाले सीएम रघुबर दास अपनी पार्टी के ही बागी नेता सरयू राय के हाथों हारते नजर आ रहे हैं। शाह छह बजे तक की गणना के अनुसार, वह यहां सरयू राय से 10 हजार से ज्यादा मतों से पीछे चल रहे हैं।