Ambala News : कृषि विज्ञान केंद्र अंबाला के नेतृत्व में महिलाओं को दिया बेकरी उत्पादों का विशेष प्रशिक्षण

0
20
today breaking news

Ambala News:  अंबाला। कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) अंबाला ने 8 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक महिलाओं के लिए एक विशेष बेकरी उत्पाद प्रशिक्षण का आयोजन किया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें बेकरी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान, महिलाओं को मुलाना के बंसल बेकरी ले जाया गया, जहाँ उन्होंने ब्रेड, बिस्किट, रस्क, केक और पेस्ट्री बनाने की कला सीखी। उन्हें बेकरी उत्पादों के निर्माण के साथ-साथ इन्हें बनाने के विज्ञान और तकनीक की भी जानकारी दी गई।

महिलाओं की वैज्ञानिक समझ को और गहरा करने के लिए केवीके ने प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें नेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट  भी ले जाया, जहाँ विशेषज्ञों ने उनकी मार्केटिंग, मशीनरी और बेकरी उद्योग के अन्य पहलुओं पर ज्ञानवर्धन किया। केवीके अंबाला के परिसर में भी महिलाओं को बेकरी उत्पाद बनाने का अवसर दिया गया, जहाँ उन्होंने स्वयं ब्रेड, केक, बिस्किट और अन्य बेकरी उत्पाद बनाकर देखा। यह प्रशिक्षण केवीके अंबाला की वरिष्ठ वैज्ञानिक और प्रमुख डॉक्टर उपासना सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल आयोजन काजल, कार्यक्रम सहायक (गृह विज्ञान) ने किया। यह प्रशिक्षण महिलाओं के लिए एक विशेष सफलता रहा, जिसमें उन्होंने न केवल बेकरी के तकनीकी ज्ञान को प्राप्त किया, बल्कि मार्केटिंग और बेकरी क्षेत्र में स्वरोजगार के नए अवसर भी खोजे।