Ambala News: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 में “एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं कला उत्सव” के अंतर्गत राष्ट्रीय एकता पर्व के उद्घाटन समारोह का भव्य आयोजन

0
15
ambala news

Ambala News: अंबाला। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, क्रमांक 2, अम्बाला छावनी में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत एवं कला उत्सव “के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय संगठन, गुरुग्राम संभाग की अम्बाला संकुल स्तरीय “राष्ट्रीय एकता पर्व ” के उद्घाटन समारोह का भव्य आयोजन विद्यालय के प्राचार्य एवं अंबाला संकुल प्रभारी हरिन्द्र सिंह लाम्बा के नेतृत्व में किया गया। इस उद्घाटन समारोह में ग्रुप कैप्टेन जोगिंदर सिंह मैनी, वरिष्ठ शिक्षा अधिकारी, वायुसेना स्थल, अंबाला छावनी एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के नामित अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि -पद को सुशोभित किया।

राहुल आनंद शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, कैंटोंमेंट बोर्ड, अम्बाला छावनी तथा सतीश गुप्ता, अभियंता, कैंटोंमेंट बोर्ड, अंबाला छावनी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति से कृतार्थ किया। मेजबान प्राचार्य हरिन्द्र सिंह लाम्बा  ने सभी विशिष्ट अतिथियों को पौधा प्रदान कर उनका स्वागत एवं अभिनन्दन किया। प्राचार्य हरिन्द्र सिंह लाम्बा ने अपने स्वागत सम्बोधन में कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का स्वागत किया और केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा प्रारम्भ किए गए कार्यक्रम “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना के इतिहास और महत्त्व पर प्रकाश डाला।  प्राचार्य हरिन्द्र सिंह लाम्बा ने बताया कि गुरुग्राम संभाग का युग्मित राज्य तेलंगाना है और आज के यह सांस्कृतिक कार्यक्रम तेलंगाना राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित है।  कार्यक्रम में मुख्यातिथि ग्रुप कैप्टन जोगिंदर सिंह मैनी ने कहा, “हमारी राष्ट्रीय एकता हमारी सांस्कृतिक विविधता में निहित है।

तेलंगाना जैसे राज्य की संस्कृति, कला और परंपराएं हमारे देश की अनमोल धरोहर हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल छात्रों को अन्य राज्यों की संस्कृति से अवगत कराते हैं, बल्कि उन्हें एक-दूसरे के प्रति सम्मान और प्रेम की भावना से जोड़ते हैं। समूह नृत्य प्रतियोगिता में अम्बाला संकुल के केंद्रीय विद्यालयों ने युग्मित राज्य तेलंगाना की संस्कृति की विविधताओं से ओत -प्रोत नृत्य प्रस्तुत कर तेलंगाना राज्य को प्रत्यक्ष रूप से मंच पर प्रतिभासित कर दिया। तेलुगू भाषा में प्रस्तुत लोक गीतों ने समां बांध दिया और दर्शकों को तेलंगाना की सांस्कृतिक विविधता की गहराई से परिचित कराया। मुख्यातिथि ने सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी उद्घाटन किया जिसमें छात्रों द्वारा तैयार की गई तेलंगाना के प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्मारकों, मंदिरों, लोक कलाओं और ग्रामीण जीवन से संबंधित कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया था। मुख्य अतिथि महोदय ने प्रदर्शनी का सूक्ष्म अवलोकन किया और विद्यार्थियों के रचनात्मक कौशल की प्रशंसा की। कार्यक्रम की समन्वयक बबिता ठाकरान ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन में चित्रकला, एकल नृत्य, एकांकी, माइम, दृश्य कला एवं कथा वाचन आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।