Ambala News : कांग्रेस की लड़ाई देश को भाजपा मुक्त करने व संविधान बचाने की है : परविंद्र परी 

0
71
Ambala News : कांग्रेस की लड़ाई देश को भाजपा मुक्त करने व संविधान बचाने की है : परविंद्र परी 
Ambala News : कांग्रेस की लड़ाई देश को भाजपा मुक्त करने व संविधान बचाने की है : परविंद्र परी 

Ambala News | अंबाला | अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुमारी सैलजा द्वारा अंबाला शहर से जो पदयात्रा शुरू की गई है, उसके नतीजे प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में देखने को मिलेंगे। क्योंकि अब प्रदेश की जनता मौजूदा भाजपा सरकार से ऊब चुकी है और वह कुमारी सैलजा के हाथ में बतौर मुख्यमंत्री प्रदेश की कमान देखना चाहती है।

यह बातें हरियाणा चुनाव मेनिफेस्टो कमेटी के सदस्य एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परविंद्र सिंह परी ने राज विहार कालोनी स्थित बरनाला मे आयोजित जनसभा के दौरान ग्रामीणों को कही।

इस दौरान परी ने कहा कि कांग्रेस देश को भाजपा मुक्त करने और संविधान बचाने के लिए लड़ाई लड़ रही है। कुमारी सैलजा द्वारा जो पदयात्रा निकाली जा रही है, उसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश की जनता को कांग्रेस की नीतियों से अवगत करवाना और भाजपा से संविधान बचाना है। क्योंकि भाजपा सरकार किसी भी तरीके से संविधान को बदलकर अपना संविधान लेकर आना चाहती है ताकि वह देश में अपनी मर्जी चला सकें।

लेकिन कांग्रेस पार्टी के होते हुए भाजपा कभी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सकेगी। लोकसभा के बाद प्रदेश में होने वाला विधानसभा चुनाव भी लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य डॉ. बीआर अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की रक्षा करना और देश को तानाशाही की ओर बढ़ने से रोकना है। यह पार्टी की व्यक्तिगत नहीं बल्कि आम लोगों की लड़ाई है।

यह गरीबों और मजदूरों की लड़ाई है। यह किसान की लड़ाई है जो गर्मी और प्रतिकूल मौसम की स्थिति में कड़ी मेहनत करता है। परी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई और बेरोजगारी प्रदेश में सबसे बड़े मुद्दे हैं। लेकिन कड़वी सच्चाई यह है कि भाजपा सरकार इन अहम मुद्दों से जूझना ही नहीं चाहती और प्रदेश की जनता आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा सरकार को इसका एहसास जरूर कराएगी। क्योंकि भाजपा सरकार आम आदमी की समस्याओं के प्रति अंधी और बहरी हो गई है।

प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे एनएचएम कर्मचारी

परविंद्र परी ने कहा कि पिछले चार दिनों से प्रदेशभर में एनएचएम के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे है जिससे अस्पतालों में कई तरह की सेवाएं ठप पड़ी है। लेकिन सरकार अभी भी आंखें मूंदकर बैठी है। परी ने कहा कि प्रदेश में आने वाली सरकार कांग्रेस की होगी जिसमें आमजन की नहीं बल्कि हर वर्ग को साथ लेकर आगे चला जाएगा। इस दौरान गुरदेव सिंह, सीताराम बिट्टू, जसपाल सिंह, गुरमीत सिंह, शीशपाल, सोनू बख्शी, विशाल, ओबीसी सेल के पूर्व  प्रदेश महासचिव सतीश कनोजिया,मनीष राणा,बहादुर सिंह शंटी, संदीप वशिष्ठ, संजीव कुमार, नवजिंद्र सिंह, विजय कुमार, संदीप सिंह सहित अन्य भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : Ambala News : हर घर के आगे पौधा लगाने का लक्ष्य रखा : पूनम सांगवान