Ambala News : निर्मल सिंह ने गीता नगरी में जनसंपर्क अभियान चलाया

0
147
Ambala News : निर्मल सिंह ने गीता नगरी में जनसंपर्क अभियान चलाया
  • अगर भाजपा सरकार ने हिसाब नहीं दिया तो अक्टूबर में प्रदेश की जनता इनका हिसाब चुकता कर देगी झ्रनिर्मल सिंह

Ambala News | अंबाला सिटी। हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री निर्मल सिंह ने ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान के तहत आज दूसरे दिन गीता नगरी अम्बाला शहर से अभियान की शुरूआत की। निर्मल सिंह ने अम्बाला शहर की जनता का आभार भी व्यक्त किया और कहा कि रिकॉर्ड गर्मी, उमस में भी गांव-गांव में हरियाणा मांगे हिसाब अभियान को लेकर जनसैलाब उमड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि जब से हरियाणा मांगे हिसाब के तहत कांग्रेस पार्टी ने सवाल पूछे हैं, पूरी भाजपा में तिलमिलाहट है। भाजपा सरकार ने एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया। अगर भाजपा सरकार ने हिसाब नहीं दिया तो अक्टूबर में प्रदेश की जनता इनका हिसाब चुकता कर देगी।

निर्मल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में अम्बाला शहर हल्के के साथ साथ पूरा हरियाणा दुर्दशा का शिकार हुआ है। अम्बाला विधान सभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अनेक वादे किये थे लेकिन उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। प्रदेश की बीजेपी सरकार पर सवालों की बौछार करते हुए निर्मल सिंह ने पूछा कि अम्बाला शहर में जलभराव की काफी समस्या रहती है, बारिश के पानी की निकासी का क्या हुआ? नालो की निकासी की समस्या आ रहा है? हर गांव में जलापूर्ति की समस्या है वो दूर क्यों नहीं हुई?

उन्होंने भाजपा सरकार से 15 सवाल दोहराते हुए पूछा कि दिल्ली के तीन तरफ बसे हरियाणा में आज सबसे ज्यादा बेरोजगारी क्यों है? देश में सर्वाधिक महंगाई हरियाणा में क्यों है? देश में सबसे ज्यादा अपराध दर हरियाणा में क्यों है? हरियाणा में हजारों करोड़ के घोटाले क्यों? जनविरोधी पोर्टलों से हरियाणा बेहाल क्यों? अग्निपथ और कौशल निगम के तहत पक्की नौकरियां खत्म क्यों? भाजपा काल बना किसानों का काल क्यों? दलित, पिछड़ों की उपेक्षा और उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन क्यों?

खेलों में अग्रणी हरियाणा नशे में नंबर 1 बना क्यों? गरीब, बाहरी कॉलोनीवासी और श्रमिक बदहाल क्यों? हरियाणा में शिक्षा तंत्र बर्बाद क्यों? हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का दिवालिया पीटा क्यों? बच्चों बेटियों समेत हर वर्ग को न्याय की बजाय लठियाँ क्यों? हरियाणा की अर्थव्यवस्था विकास की पटरी से उतरी क्यों? 2014 और 2019 के घोषणा पत्र को भाजपा भूली क्यों?

निर्मल सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार का एक ही लक्ष्य है कि हरियाणा के नौजवान का भविष्य, हरियाणा के किसान का सम्मान, हरियाणा की बेटियों का मान-सम्मान, हरियाणा में संविधान, हरियाणा में जय जवान, जय किसान, जय संविधान का नारा बचना चाहिए। हरियाणा को आगे लेकर जाने की लड़ाई लड़ेंगे और जीतेंगे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : Paris Olympics 2024 India : भारतीय ओलंपिक संघ इस बार खिलाड़ियों को दे रहा विशेष सहूलियतें