Ambala news : अंबाला शहर की अनाज मंडी से 63 प्रतिशत धान का उठान कार्य हुआ पूरा: पार्थ गुप्ता

0
10
Ambala breaking news

Ambala news : अंबाला। उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने कहा कि अम्बाला शहर की अनाज मंडी में अब तक 30140 मीट्रिक टन धान की आवक हो चुकी है। इसमें से 18774 मीट्रिक धान का उठान कार्य सम्बन्धित एंजैसियों द्वारा किया जा चुका है। इस प्रकार इस मंडी से लगभग 63 प्रतिशत आवक के अनुसार लिफ्टिंग का कार्य पूरा किया गया है। अहम पहलू यह है कि उपायुक्त ने एंजैसी के अधिकारियों को सख्त आदेश दिए कि उठान कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जायेगी। सभी अधिकारी, कर्मचारी मेहनत व ईमानदारी के साथ अपनी डयूटी का निवर्हन करें। उपायुक्त पार्थ गुप्ता सोमवार को अम्बाला शहर और अम्बाला छावनी में अनाज मंडियों का औचक निरीक्षण करने के उपरांत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने अम्बाला शहर की अनाज मंडी का सबसे पहले निरीक्षण किया।

यहां पर उपायुक्त ने स्वयं धान की ढेरियों पर जाकर नमी को चैक किया और मशीन के माध्यम से नमी की मात्रा को भी नापा। इस निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। यहां पर किसानों ने उपायुक्त के समक्ष खुलकर अपने मन की बात रखी और कहा कि जल्द से जल्द धान की खरीद का कार्य पूरा किया जाये ताकि धान बेचकर किसान समय रहते अपने घर जा सकें। इसके साथ ही उपायुक्त ने व्यापारियों से भी उनकी समस्याओं को जाना और व्यापारियों ने खरीद कार्य के दौरान आ रही दिक्कतों को उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने कहा कि अम्बाला शहर की मंडी में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 15627 एमटी धान में से 10500 एमटी धान की लिफ्टिंग का कार्य पूरा किया है। इस मंडी से हैफड ने 14513 एमटी धान में से 8274 एमटी धान का उठान कार्य पूरा किया है। इस मंडी में अब तक 4800 किसान 30140 मीट्रिक टन धान अम्बाला शहर की मंडी में ला चुके हैं। इस मंडी में एसडीएम दर्शन कुमार ने अम्बाला शहर की मंडी में धान की फसल के खरीद, उठान और भुगतान के संबध में विस्तार से अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपायुक्त ने तमाम पहलूओं को जानने के बाद अधिकारियों को आदेश दिए कि निर्धारित मापदंडों के अनुसार धान की खरीद का कार्य तेजी से किया जाये और इसके साथ जल्द से जल्द लिफ्टिंग के कार्य को पूरा किया जाए। इस मामले को अधिकारी गंभीरता से लेकर कार्य करना सुनिश्चित करे। किसी भी स्तर पर लापरवाही सहन नहीं की जायेगी।
14 फोटो 6 सिटी अनाज मंडी में धान को चैक करते डीसी।