पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की अटकलों पर पंजाब प्रभारी ने दी सफाई

Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नेताओं में गुटबाजी को लेकर चल रही अटकलें जारी है। पिछले एक साल से नवजोत सिंह सिद्धू समेत कई नेता पार्टी से दूरी बनाए हुए हैं, जबकि कुछ मौजूदा नेता प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से असंतुष्ट बताए जा रहे हैं। कांग्रेस की एकता को लेकर नव-नियुक्त प्रभारी और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सफाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में लिखा कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, विपक्ष के नेता और पंजाब के सभी वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय सराहनीय है। मुझे विश्वास है कि पंजाब का यह समन्वय आने वाले दिनों में अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बनेगा।

भूपेश बघेल ने किया था पंजाब का दौरा

यह पोस्ट उस समय आई जब वे हाल ही में पंजाब दौरे से लौटे थे। उन्होंने सभी नेताओं और जिला अध्यक्षों से चंडीगढ़ में बैठक भी की थी। बीती 25 फरवरी को मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि पीपीसीसी से लेकर बूथ स्तर तक नई समितियों के गठन और सहयोगी संगठनों को सशक्त करने की रणनीति बनाई गई है। आगामी बैठकों में प्रदेश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी, जिसमें जनता के बीच पहुंचने और जनसमर्थन बढ़ाने के तरीकों पर विचार किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष बदलने की अटकलों को किया था खारिज

24 फरवरी को कांग्रेस अध्यक्ष बदले जाने की अटकलों पर बघेल ने स्पष्ट किया था कि फिलहाल ऐसा कोई विचार नहीं है। उन्होंने कहा था कि ये सब अफवाहें हैं और इनमें कोई दम नहीं है। कांग्रेस में किसी भी बदलाव का फैसला हाईकमान लेता है। उनके इस बयान से पार्टी में चल रही चर्चा पर विराम लगने की उम्मीद है। इसी बीच, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने कोई कैप्शन नहीं दिया था, सिर्फ एक विक्ट्री साइन था। अब इसे लेकर चचार्एं शुरू हो गई हैं। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

ये भी पढ़ें  : Punjab CM News : नशा मुक्त पंजाब के लिए लोगों का सहयोग जरूरी : सीएम

ये भी पढ़ें  : Punjab Crime News : पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन से हथियार बरामद