Haryana News: आज हो सकती है इनेलो और बसपा के बीच गठबंधन की घोषणा

0
154
आज हो सकती है इनेलो और बसपा के बीच गठबंधन की घोषणा
आज हो सकती है इनेलो और बसपा के बीच गठबंधन की घोषणा

Haryana News Chandigarh (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले नये राजनीतिक समीकरण देखने को मिलेंगे। प्रदेश में कई बार सत्ता में रही इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के बीच गुरुवार को गठबंधन की अनौपचारिक घोषणा होगी। इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा तथा बसपा सुप्रीमो मायावती के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में दोनों दलों के बीच इस नये राजनीतिक गठजोड़ का ऐलान किया जाएगा। हरियाणा में इनेलो और बसपा के बीच गुरुवार को तीसरी बार गठबंधन होने जा रहा है। साल 1996 के लोकसभा चुनाव के दौरान इनेलो व बसपा के बीच पहली बार गठबंधन हुआ था। इनेलो ने सात लोकसभा सीटों पर और बसपा ने तीन लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में बसपा ने एक अंबाला लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी, जबकि इनेलो प्रत्याशी राज्य की चार लोकसभा सीटों कुरुक्षेत्र, हिसार, सिरसा और भिवानी पर चुनाव जीते थे। इसके बाद साल 2018 में बसपा और इनेलो के बीच राजनीतिक गठजोड़ हुआ, लेकिन यह गठबंधन विधानसभा चुनाव तक लोगों के बीच नहीं पहुंच पाया। इनेलो के दोफाड़ होने की वजह से बसपा के साथ उसका गठबंधन टूट गया था। अब एक बार फिर इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला के प्रयासों से बसपा अध्यक्ष मायावती अपनी पार्टी का गठजो़ड़ करने के लिए तैयार हुई हैं।