Faridabad News: देश में जितनी भी समस्याएं हैं सब कांग्रेस की देन: योगी आदित्यनाथ

0
14
देश में जितनी भी समस्याएं हैं सब कांग्रेस की देन: योगी आदित्यनाथ
Faridabad News: देश में जितनी भी समस्याएं हैं सब कांग्रेस की देन: योगी आदित्यनाथ

फरीदाबाद में कांग्रेस पर गरजे योगी आदित्यनाथ
बोले-कांग्रेस ने देश को क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटा
Faridabad News (आज समाज) फरीदाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को फरीदाबाद में विपक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समस्या का नाम है और देश में जितनी भी समस्याएं हैं सब कांग्रेस की देन है। कांग्रेस को घेरते हुए योगी ने कहा कि देश के विभाजन, बंटवारे की त्रासदी का कारण कांग्रेस ही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांटा तथा आतंकवाद, नक्सलवाद, उग्रवाद और अराजकता की भ_ी में धकेलने का काम किया। देश में भ्रष्टाचार, परिवारवाद, भाई-भतीजावाद की प्रवृति फैलाने का काम भी कांग्रेस ने किया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस देश की समस्या का नाम है तो दूसरी ओर भाजपा समाधान है। फरीदाबाद एनआईटी विधानसभा की डबुआ सब्जी मंडी में आयोजित जनआशीर्वाद रैली में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एनआईटी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी, बल्लभगढ़ से मूलचंद शर्मा, पृथला से टेकचंद शर्मा, बडखल से धनेश अदलखा, फरीदाबाद के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर और भाजपा प्रत्याशियों को प्रचंड वोटों से विजयी बनाने की अपील की।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा शासन के 10 वर्षों में हरियाणा ने विकास की नई यात्रा आरंभ की। आज हरियाणा में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है। प्रदेश में फोर लाइन, सिक्स लाइन सडकों का निर्माण हुआ है। आईआईटी, आईटीआई, मेडिकल एम्स जैसे संस्थानों, विश्वविद्यालयों से हरियाणा की नई पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार कहती थी कि देश के संसाधनों पर सिर्फ मुसलमानों का अधिकार है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और विश्वास की बात करते हैं।

राम मंदिर के लिए हिंदुओं ने 76 बड़ी लड़ाइयां लड़ी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश ही नहीं पूरी दुनिया जानती है कि अयोध्या में 500 वर्षों के बाद रामलला फिर से पावन जन्म भूमि पर विग्रह के रूप में विराजमान हुए हैं। 22 जनवरी 2024 को पीएम मोदी ने अपने कर कमलों से पांच सदी के इंतजार को समाप्त किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर बनाने के लिए 76 बड़ी लड़ाईयां हिंदुओं ने लड़ीं और लाखों हिंदू बलिदान हुए। इन बलिदानियों में संत, निहंग, वैरागी, सन्यासी, राजे-रजवाड़े, गृहस्थ युवा और माता-बहनें हर तबके के लोग शामिल हुए और रामलला की जमीन को मुक्त कराने में बढ़चढ़ कर भाग लिया था। कांग्रेस को घेरते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विदेशी आंक्राताओं ने देश की आजादी को कैद करके रखा। 1947 में भारत आजाद हुआ तब राम मंदिर का निर्माण तत्काल हो जाना चाहिए था, क्योंकि उस समय कोई विवाद भी नहीं था।

कांग्रेस की सरकार चाहती तो भव्य राम मंदिर का निर्माण करवा सकती थी, लेकिन कांग्रेस ने विवाद खड़ा करवाकर बैरियर खड़ा कर दिया और समाधान नहीं होने दिया। कांगेस समस्या का समाधान 65 वर्षों में नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी 2014 में प्रधानमंत्री बनें और 2017 में यूपी में भाजपा की सरकार बनी और 2019 में राम मंदिर विवाद समाप्त हुआ और भव्य मंदिर का निर्माण हुआ।

जहां भाजपा की सरकार वहां सुरक्षा, सुशासन और विकास

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन मिल रहा है। 60 करोड़ गरीब लोगों को आयुष्मान जैसी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है। 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि मिल रही है, 4 करोड़ गरीबों को आवास, 10 करोड़ गरीबों को उज्जवला योजना का कनेक्शन, युवाओं को रोजगार मिल रहा है। आज जहा-जहां भाजपा की सरकार है वहां सुरक्षा, सुशासन और विकास है।

यह भी पढ़ें : JK Encounter: कुलगाम के आदिगाम देवसर में दो आतंकी ढेर