लोगों को पारदर्शी प्रशासन मुहैया कराना सरकार की प्राथमिकता : : अमन अरोड़ा

Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित सभी सेवाओं को एकीकृत ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्रदान करने के लिए परियोजना प्रबंधन इकाई (पीएमयू) स्थापित करने का फैसला किया है। यह जानकारी पंजाब के सुशासन और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अमन अरोड़ा ने दी। पंजाब भवन में पंजाब राज्य ई-गवर्नेंस सोसाइटी (पीएसईजीएस) के बोर्ड आफ गवर्नर्स (बीओजी) की 21वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए अमन अरोड़ा ने बताया कि पीएमयू का मुख्य उद्देश्य सभी  सेवाओं को एकीकृत आनलाइन पोर्टल पर लाना है ताकि नागरिक किसी भी समय, किसी भी स्थान से सेवाओं के लिए आवेदन कर सकें।

यह पोर्टल आवेदकों को उनकी अर्जियों की स्थिति को ट्रैक करने में सक्षम बनाने के साथ-साथ लंबित सेवाओं की मुख्य दफ्तर स्तर पर निगरानी की सुविधा प्रदान करेगा ताकि अधिक जवाबदेह प्रशासन और मामलों के समय पर निपटारे को सुनिश्चित किया जा सके।

पीएमयू इस कार्य में देगा मदद

अमन अरोड़ा ने कहा कि पीएमयू विभागीय सेवाओं को पंजाब ई-सेवा पोर्टल से जोड़ने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब ट्रांसपेरेंसी एंड अकाउंटेबिलिटी इन पब्लिक सर्विस डिलीवरी एक्ट के तहत कुल 846 सेवाएं अधिसूचित की गई हैं और इनमें से सिर्फ 436 सेवाएं 541 सेवा केंद्रों के माध्यम से प्रदान की जाती हैं। इन सेवाओं में से 406 सेवाएं भगवंत मान सरकार आपके द्वार के माध्यम से प्रदान की जा रही हैं, जिसके तहत नागरिक अपने घर बैठे हेल्पलाइन नंबर 1076 पर कॉल करके 406 नागरिक केंद्रित सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।

सभी सेवाओं की आनलाइन पहुंच सुनिश्चित करना

उन्होंने कहा कि सिंगल प्वाइंट कांटेक्ट या डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से सभी सेवाएं प्रदान करने के लिए पंजाब ट्रांसपेरेंसी एंड अकाउंटेबिलिटी इन पब्लिक सर्विस डिलीवरी एक्ट के तहत अधिसूचित बाकी बची आॅफलाइन सेवाओं की आॅनलाइन पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एकीकृत किया जाएगा। सुशासन मंत्री ने कहा कि पी.एम.यू. विभागों को उनकी अधिसूचित सेवाओं को डिजिटाइज/आॅनबोर्डिंग करने और आॅनलाइन पोर्टल पर निर्बाध रूप से एकीकृत करने को सुनिश्चित करने में तकनीकी और संचालन सहायता प्रदान करेगा। पी.एम.यू. डिजाइनिंग, निगरानी, और सभी विभागों में डिजिटल सेवाओं के कार्यान्वयन की सुविधा के लिए एक केंद्रीय एजेंसी के रूप में काम करेगी।

ये भी पढ़ें : Punjab News : पंजाब सरकार ने बदली तबादला नीति

ये भी पढ़ें : Punjab News : आम आदमी क्लीनिक मॉडल का मुरीद हुआ ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल