गत शाम प्रदेश के अधिकतर इलाकों में तेज आंधी के साथ हुई बारिश, आंधी के कारण कई जगहों पर लगी आग
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम विभाग ने आज भी तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि हरियाणा में शुक्रवार शाम को अचानक मौसम बदला। जिसके बाद हिसार, सिरसा, जींद, झज्जर, भिवानी, रोहतक, पानीपत, फतेहाबाद, सोनीपत, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। हिसार के बरवाला में बारिश के साथ ओले भी गिरे।
वहीं कुरुक्षेत्र के पिहोवा में खेत में लगी आग तूफान की वजह से भड़क गई। तेज हवा चलने के कारण आग की लपटें घरों तक पहुंच गई हैं। लोग घरों से निकलकर सड़क की तरफ चले गए हैं। तेज आंधी के कारण बिजली की तारें व खंभे भी टूट गए, जिस कारण बिजली सप्लाई बाधित हो गई। वहीं दिनभर मौसम गर्म रहा। जिसके चलते प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
इन जिलों में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है। यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बाकी सभी जिलों में हवाओं के साथ बादल छाए रह सकते हैं। शुक्रवार देर शाम को प्रदेश के करीब 14 जिलों में बारिश के साथ आंधी चली। करनाल में आंधी से पेड़ टूटकर 2 गाड़ियों पर गिर गया।
जींद में गिरे 100 पेड़, कुरुक्षेत्र में घरों तक पहुंची आग की लपटें
जींद में आंधी से 100 पेड़ गिर गए। इसके साथ 10 गांवों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही। वहीं आंधी के दौरान विभिन्न कारणों से भड़की आग से सिरसा, झज्जर, कैथल, कुरुक्षेत्र, हिसार में 25 से ज्यादा गांवों में गेहूं की करीब 859 एकड़ फसल व फाने जलकर राख हो गए। कुरुक्षेत्र के पिहोवा में खेत में लगी आग की लपटें तेज हवा चलने के कारण घरों तक पहुंच गई। इस दौरान लोग घरों से निकलकर सड़क की तरफ चले गए।
43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हिसार के बालसमंद का तापमान
हरियाणा के अधिकतम तापमान में शुक्रवार को 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म एरिया हिसार का बालसमंद रहा। जहां का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें : गुरुग्राम में एयर होस्टेस से डिजिटल रेप करने का आरोपी गिरफ्तार