पंजाब विधानसभा सत्र के दूसरे व अंतिम दिन की कार्यवाही में प्रस्ताव हुआ पास
Punjab Breaking News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन केंद्र की कृषि मंडीकरण नीति को रद कर दिया गया। इस बार में विधानसभा में प्रस्ताव पेश करते हुए कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुंड्डियां ने बताया कि इस नीति से केंद्र सरकार किसानों को एक बार फिर से ठगने का प्रयास कर रही है। यह नीति रद किए गए कृषि कानूनों को दूसरे रूप में किसानों पर थोपने का प्रयास है। चर्चा में भाग लेते हुए अन्य सदस्यों ने भी इसे किसान विरोधी बताया जिसके बाद विधानसभा में इसे रद कर दिया गया।
सीएम भगवंत मान विधानसभा में काला चश्मा लगाकर पहुंचे।
प्रताप सिंह बाजवा के बयान पर हुआ हंगामा
विधानसभा में उस समय हंगामा हो गया जब नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने बिजली विभाग द्वारा होशियारपुर के एक एसई से दिल्ली चुनाव के लिए पैसे मांगने का आरोप लगाया। इस पर बिजली मंत्री और बाजवा के बीच टकराव हो गया। बाजवा ने कहा कि पूर्व विजिलेंस आॅफिसर ने 48 अधिकारियों की सूची पकड़ाई थी जो भ्रष्टाचारी थे। उन्होंने ये चिट्ठी चीफ सेक्रेटरी को लिखी थी, उसके बाद उनको पद से हटा दिया गया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने दी यह जानकारी
इससे पहले कैबिनेट मंत्री रवजोत सिंह ने जानकारी दी कि पंजाब के 10 जिलों में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर खोले जाएंगे। विधानसभा में लावारिस कुत्तों के बढ़ रहे आंतक का मामला उठने के बाद उन्होंने यह जानकारी दी। विधायकों ने मामला उठाया था कि पिछले कुछ महीनों से डॉग बाइट के केस बढ़ते जा रहे हैं। इस कारण संगरूर में तीन बच्चों की मौत भी हो गई है। प्रश्न काल के दौरान मंत्री तरुणप्रीत ने बताया कि पंजाब में ब्लॉक व पंचायत समिति में एक सीट पर 10 व 15 साल से बैठे मुलाजिमों का तबादला किया जाएगा। वहीं स्पीकर ने कहा कि सरपंचों का मान सम्मान पंचायतों में बहाल किया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें : Punjab News : स्वास्थ्य क्षेत्र में उठाया अहम कदम : डॉ. बलबीर सिंह
ये भी पढ़ें : Punjab News Update : पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाएगी सरकार