Himachal Weather : कई दिन बाद शिमला में निकली धूप, कल भी रहेगी राहत

0
26
कई दिन बाद शिमला में निकली धूप, कल भी रहेगी राहत
Himachal Weather

पिछले चार दिन से खराब था मौसम, राजधानी में बारिश से कई जगह हुआ भूस्खलन

Himachal Weather (आज समाज), शिमला : प्रदेश में पिछले करीब पांच दिन से खराब चल रहे मौसम से आखिरकार सोमवार को राहत मिल गई। राजधानी में अच्छी धूप निकली और मौसम एक दम साफ रहा। वहीं प्रदेश मौसम विभाग की बात करें तो उन्होंने स्पष्ट किया है कि फिलहाल प्रदेश में मानसून कुछ कमजोर हो गया है। जिससे खराब मौसम से अब राहत मिलेगी। दूसरी तरफ प्रदेश में 18 सितंबर को कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है।

राजधानी में पिछले सप्ताह हुआ भूस्खलन

पिछले सप्ताह जब प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हुआ तो राजधानी शिमला में भूस्खलन की सबसे ज्यादा घटनाएं सामने आर्इं। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की बधाल पंचायत के नजदीक शिकारी नाला में शनिवार देर रात भूस्खलन होने से 10 अस्थायी घरों (दोगरी) समेत सेब के बगीचे तबाह हो गए। मलबा और पत्थर गिरने की आवाज सुनकर लोग रात को घर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गए।

सोमवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में भूस्खलन से 74 सड़कें प्रभावित रहीं। सबसे ज्यादा सड़कें शिमला जिले में प्रभावित हैं। इसके अतिरिक्त पांच बिजली ट्रांसफार्मर भी बाधित रहे। बारिश के चलते कालका-शिमला नेशनल फोरलेन पर जगह-जगह पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक लेन को यातायात के लिए बंद करना पड़ा। कसौली-धर्मपुर मार्ग भी बाधित रहा।

राजधानी क्यों हो रही भूस्खलन का शिकार

राजधानी शिमला में भूस्खलन की घटनाओं में वृद्धि के पीछे अत्याधिक निर्माण कार्यों का होना बताया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि शिमला प्रदेश का सबसे व्यस्तम शहर बन चुका है। इसी के चलते यहां पर अंधाधुंध निर्माण जारी हैं। इन्हीं निर्माण के चलते यहां की जमीन कमजोर हो रही है और बारिश के मौसम में भूस्खलन का शिकार हो रही है।