Admiral Dinesh Tripathi: नौसेना प्रमुख दिनेश त्रिपाठी बांग्लादेश के दौरे पर द्विपक्षीय सैन्य सहयोग पर होगी चर्चा

0
15
Admiral Dinesh Tripathi नौसेना प्रमुख दिनेश त्रिपाठी बांग्लादेश के दौरे पर द्विपक्षीय सैन्य सहयोग पर होगी चर्चा
Admiral Dinesh Tripathi नौसेना प्रमुख दिनेश त्रिपाठी बांग्लादेश के दौरे पर द्विपक्षीय सैन्य सहयोग पर होगी चर्चा

Admiral Dinesh Tripathi On Bangladesh Visit, (आज समाज),  नई दिल्ली: नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी आज से बांग्लादेश के पांच दिवसीय दौरे पर हैं। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य समुद्री क्षेत्र में द्विपक्षीय सैन्य सहयोग और नए रास्तों की प्रगति पर साथ मिलकर काम करना है। बता दें कि इससे पहले बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत आई थीं। उस दौरान दोनों देशों के बीच सैन्य व कूटनीतिक संबंधों में विस्तृत चर्चा हुई थी।

ढाका में बांग्लादेश नेशनल डिफेंस कॉलेज में करेंगे संबोधित

भारतीय नौसेना प्रमुख बनने के बाद एडमिरल त्रिपाठी की यह पहला विदेश दौरा है। इस दौरान वह अपने बांग्लादेशी समकक्ष एडमिरल नजमूल हसन और अन्य सैन्य अधिकारियों के साथ आपसी सैन्य सहयोग पर विस्तार से चर्चा करेंगे। एडमिरल त्रिपाठी 4 जुलाई को बांग्लादेश नौसेना अकादमी की पासिंग आउट परेड में भी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वह ढाका स्थित बांग्लादेश के नेशनल डिफेंस कॉलेज में अपना संबोधन देंगे।

सैन्य संबंधों की प्रगति को लेकर भी होगी चर्चा

भारतीय नौसेना के बयान के अनुसार नौसेना प्रमुख के इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सैन्य संबंधों की प्रगति को लेकर चर्चा की जाएगी। भारत और बांग्लादेश के बीच नौसेना सहयोग पारंपरिक रूप से मजबूत रहा है। नौसेना के आधिकारिक बयान में बताया गया है कि भारतीय नौसेना प्रमुख के दौरे के दौरान दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच मजबूत रिश्तों और दोस्ती की प्रगति पर बातचीत की जाएगी।

हाल के वर्षों में मजबूत हुआ है समुद्री सहयोग

हाल के वर्षों में भारत और बांग्लादेश के बीच समुद्री सहयोग काफी मजबूत हुआ है। यह भी देखने को मिला है कि दोनों देशों के बीच समुद्री हितों की सुरक्षा की दिशा में संयुक्त रूप से उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस तरह से दोनों पक्ष एक दूसरे के सहयोग को भली-भांति जानते हैं। सेना से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि ‘सागर’ योजना के तहत बांग्लादेश, भारत का भागीदार रहा है। इस योजना के तहत दोनों देश भविष्य में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए साथ मिलकर काम करेंगे।

SHARE