Sirsa News : आदित्य चौटाला ने चेयरमैन का पद छोड़ा

0
175
आदित्य चौटाला
आदित्य चौटाला

पहली लिस्ट में नाम न आने से नाराज हुए
Sirsa News (आज समाज) सिरसा: हरियाणा में भाजपा की पहली टिकट लिस्ट जारी होने के बाद पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के पोते आदित्य चौटाला ने भाजपा में बागी तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार में हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। आदित्य चौटाला ने कहा कि डबवाली सीट से सिंगल पैनल में उनका नाम था, लेकिन भाजपा जानबूझकर चीजों को लटका रही है। इससे लोगों में गलत संदेश जा रहा है। आदित्य चौटाला ने बताया कि इसी बात से नाराज होकर उन्होंने हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। आदित्य चौटाला ताऊ देवीलाल के सबसे छोटे बेटे जगदीश चौटाला के पुत्र हैं। वह लंबे समय से भाजपा के साथ जुड़े रहे हैं। वह सिरसा जिला में पार्टी के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। आज ही आदित्य के ताऊ रणजीत चौटाला ने कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दिया है। रणजीत ने समर्थकों की बैठक में यह खुलासा किया कि भाजपा डबवाली से उनको टिकट देना चाह रही थी। इसके थोड़े ही देर बाद आदित्य चौटाला का इस्तीफा आ गया। आदित्य का मानना है कि भाजपा ने सिंगल पैनल में होते हुए भी डबवाली की सीट रोकी है, जिससे संदेह पैदा हो रहा है। पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल के पोते आदित्य चौटाला को करीब एक साल पहले मार्केटिंग बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के पीएस वी उमाशंकर ने आदित्य चौटाला की नियुक्ति के आदेश जारी किए थे। आदित्य चौटाला की भारतीय जनता पार्टी की सरकार में एंट्री 2019 में हुए लोकसभा चुनाव से पहले हुई थी। इस दौरान हरियाणा सरकार की ओर से उन्हें हरियाणा स्टेट कोआॅपरेटिव एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट बैंक लिमिटेड का चेयरमैन बनाया था। 2014 में आदित्य भाजपा में शामिल हुए थे एवं 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्हें डबवाली से टिकट भी दिया गया था, लेकिन वह कांग्रेस के अमित सिहाग से हार गए थे।