कहा, मतदान नजदीक आते ही बिखरने लगी आम आदमी पार्टी
Delhi Political News (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए जैसे जैसे मतदान का समय नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे ही सभी पार्टियों द्वारा एक दूसरे पर आरोप लगाने का दौर भी तेज हो गया है। हर पार्टी एक दूसरे की कमजोरी को जनता के सामने दिखाने के प्रयास में है। ऐसा ही मौका उस समय बन गया जब आम आदमी पार्टी के आठ बड़े नेताओं ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। ऐसा होते ही भाजपा और कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उसके पतन की शुरुआत बताया ।
इस पर बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी के आठ विधायकों के इस्तीफे से उसमें आंतरिक कलह और भ्रष्टाचार उजागर हो गया है। दरअसल इन विधायकों ने पार्टी के भीतर व्याप्त भ्रष्टाचार के लिए सीधे अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया है। पिछले कुछ महीनों में आप के कई नेता और कार्यकर्ता पार्टी छोड़ चुके हैं, जिससे संकेत मिलता है कि आठ फरवरी को चुनाव परिणामों के बाद पार्टी का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। यादव ने आप सरकार पर विभिन्न घोटालों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शराब घोटाला, शीश महल में करोड़ों का घोटाला, डीटीसी, दिल्ली जल बोर्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, यमुना और प्रदूषण के नाम पर करोड़ों का घोटाला हुआ हैं। इन घोटालों को अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर अंजाम दिया गया और सीएजी की 14 रिपोर्ट्स को सदन में प्रस्तुत नहीं किया गया।
मतदान से पहले ही बिखरने लगी आप : सचदेवा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी बिखरने लगी है। विषय यह नहीं है कि विधायक व पूर्व विधायकों ने पार्टी छोड़ दी है। विषय यह है कि उन्होंने कहा क्या है, उन्होंने कहा कि जिस तरह का विश्वास अरविंद केजरीवाल ने शुरू में अर्जित करने की कोशिश की थी, अब पार्टी से जुड़े लोग स्वयं को ठगा महसूस कर रहे हैं। उन्हें अब केजरीवाल और आप पर भरोसा नहीं है। वीरेंद्र सचदेवा ने यह भी कहा कि इनका साथ छोड़ने वालों में अन्ना हजारे से शुरू हुई फेहरिस्त अब आठ विधायकों तक पहुंच चुकी है।
हर वह आदमी जो दिल्ली में विकास चाहता है, वह इनके साथ रह ही नहीं सकता क्योंकि केजरीवाल का मतलब है, भ्रष्टाचार, चोरी, लूट व कमीशन। जिन लोगों ने पार्टी छोड़ी, यह उनका निजी निर्णय रहा, लेकिन हर वह व्यक्ति पार्टी छोड़ेगा जो दिल्ली को विकसित देखना चाहता है। पार्टी छोड़ने वाले समझ चुके हैं कि केजरीवाल ने ना केवल दिल्ली की जनता, बल्कि उन्हें भी धोखा दिया है। सिलसिला यहां थमने वाला नहीं है और यह क्रम जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें : Delhi News : आप कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही भाजपा : केजरीवाल
ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : कांग्रेस और आप भ्रष्टाचार के प्रतीक : पीएम