Punjab Political News : आप ने सत्ताबल का प्रयोग कर जीता चुनाव : रिंकू

0
119
आप ने सत्ताबल का प्रयोग कर जीता चुनाव : रिंकू
आप ने सत्ताबल का प्रयोग कर जीता चुनाव : रिंकू

Punjab Political News (आज समाज), जालंधर : जालंधर पश्चिमी उप चुनाव में आप जीत की खुशी से फूली नहीं समा रही। पार्टी नेता जीत को सीएम के नेतृत्व में पार्टी की मजबूत वापसी बता रहे हैं तो वहीं विपक्षी दलों के नेता इसे सत्ताधारी पार्टी की जालसाजी बता रहे हैं। ऐसा ही एक बयान पूर्व सांसद और मौजूदा भाजपा नेता सुशील कुमार का सामने आया है। सुशील कुमार रिंकू ने शीतल अंगुराल की हार पर बोलते हुए कहा है कि सत्ताधारी पार्टी जालंधर वेस्ट उपचुनाव में सत्ताबल का प्रयोग किया।

उन्होंने आरोप लगाया है कि पार्षदों और कई अन्य नेताओं को खरीदा गया और पदों का लालच दिया गया। यहां तक कि कुछ लोगों को खुश करने के लिए गनमैन भी दिए गए। इसके साथ ही लोगों को डराया गया कि सरकार के ढाई साल बचे हैं, जिससे लोगों में दहशत पैदा हो गई। मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पैसे, शराब, राशन, सूट बांटे गए। सरकारी मशीनरी और सरकारी तंत्र का भरपूर दुरुपयोग किया गया।

सुशील और शीतल दोनों लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में हुए थे शामिल

ज्ञात रहे कि सुशील कुमार रिंकू और शीतल अंगुराल ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी को झटका देते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था। उस समय दोनों ने आम आदमी पार्टी पर काफी आरोप लगाए थे। रिंकू ने तो आप को उस समय छोड़ा जब पार्टी जालंधर लोकसभा सीट से उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित कर चुकी थी। वहीं अंगुराल ने विधायक पद से इस्तीफा देते हुए भाजपा ज्वाइन की थी। हालांकि बाद में अंगुराल ने अपना इस्तीफा वापस लेने की मांग की थी लेकिन स्पीकर ने उसे अस्वीकार करते हुए इस्तीफा मंजूर कर लिया था। जिसके बाद 10 जुलाई को हुए उपचुनाव में शीतल अंगुराल को करारी हार का सामना करना पड़ा है।