Jalandhar By Poll Result : जालंधर पश्चिम उपचुनाव में आप की जीत

0
125
जालंधर पश्चिम उपचुनाव में आप की जीत
जालंधर पश्चिम उपचुनाव में आप की जीत

Jalandhar By Poll Result (आज समाज), जालंधर : लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश में हुए पहले विधानसभा उपचुनाव में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के हाथ एक बार फिर से सफलता लगी है। जालंधर वेस्ट उप चुनाव में आप के प्रत्याशी मोहिंदर भगत 37325 मतों से चुनाव जीत गए। इस उपचुनाव में उन्होंने अपने प्रत्याशी व इस सीट से पूर्व विधायक शीतल अंगुराल को मात दी है। ज्ञात रहे कि शीतल अंगुराल ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा ज्वाइन कर ली थी।

इसके बाद स्पीकर ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। उपचुनाव में आप की जीत पर पंजाब के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मैं जालंधर पश्चिम के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं। मुझे इस सीट को बड़े अंतर से बरकरार रखने का भरोसा है। लोग आप के साथ हैं। हम पंजाब के लोगों के लिए और उनके पक्ष में काम कर रहे हैं… कांग्रेस ने 1975 में आपातकाल लगाकर बहुत बड़ी गलती की थी। उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ी। अब भाजपा को संविधान बदलने के अपने प्रयासों की कीमत चुकानी पड़ेगी।

इसलिए जरूरी थी जीत

आम आदमी पार्टी के लिए जालंधर उपचुनाव में जीत बहुत जरूरी थी। विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से सत्ता में आई आम आदमी पार्टी के लिए लोकसभा चुनाव कुछ खास नहीं रहा था। पार्टी 13 में से मात्र तीन सीट पर ही विजय प्राप्त कर सकी थी। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना था कि यदि उपचुनाव में आप जीत हासिल न कर सकी तो प्रदेश की जनता में इसका संदेश आम आदमी पार्टी के खिलाफ जा सकता है। जो कि भविष्य में पार्टी के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। अब इस जीत के साथ ही आप व सीएम मान के हौसलें फिर से बुलंद हो गए हैं।