वर्तमान में राज्यसभा के सांसद हैं संजीव अरोड़ा, प्रदेश में नई राजनीतिक बहस शुरू
Ludhiana bypoll Update (आज समाज), चंडीगढ़ : लुधियाना पश्चिम की सीट जनवरी में विधायक गुरप्रीत सिंह गोगी बस्सी के देहांत के साथ ही खाली हो गई थी। अब इस सीट पर उपचुनाव की तैयारी चल रही है। जल्द ही उपचुनाव होने जा रहे हैं। इसके साथ आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशी का ऐलान करते हुए राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को नामित कर दिया है। टिकट मिलने के बाद संजीव अरोड़ा ने कहा कि मैं आम आदमी पार्टी के नेतृत्व आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया और लुधियाना पश्चिम उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया।
अपने गृहनगर से गहराई से जुड़े होने के नाते मैं अपने लोगों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने की आशा करता हूं। वहीं संजीव अरोड़ा को आप प्रत्याशी बनाने के बाद प्रदेश में नई राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। विपक्षी पार्टियां आप पर तंज कस रहीं हैं और यह आरोप लगा रही हैं कि आम आदमी पार्टी पंजाब से अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजना चाहती है। दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल के पंजाब से राज्यसभा जाने की चर्चा का आम आदमी पार्टी ने खंडन किया है। पार्टी प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने सभी अफवाहों को आधारहीन बताया है।
पंजाब के लिए काला दिन : सुखपाल खैहरा
आम आदमी पार्टी के इस फैसले पर तंज कसते हुए कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने लिखा-अगर राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम उपचुनाव से आप उम्मीदवार के तौर पर नामित किया गया है तो मुझे यकीन है कि अरविंद केजरीवाल अपनी राज्यसभा सदस्यता ले लेंगे। यह स्पष्ट है कि केजरीवाल ने अरोड़ा को पंजाब में कैबिनेट में जगह दिलाने की रिश्वत दी गई है।
पंजाब को बर्बाद करने पर तुली आप : मजीठिया
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की सत्ता की लालसा उजागर हुई। आम आदमी पार्टी ने लुधियाना पश्चिम से राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है। अब उनकी राज्यसभा सीट खाली करके अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया को पंजाब से राज्यसभा सदस्य बनाया जाएगा। एक बार फिर पंजाब दिल्ली के लिए कुर्बान होने को तैयार हो रहा है। आप पंजाब को बर्बाद कर रही है। भगवंत मान कहते हैं कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। दिल्ली के लोगों को खुश होना चाहिए।
ये भी पढ़ें : Punjab News : हम किसी भी जांच के लिए तैयार : अरोड़ा
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : सीएम से की शंभू बॉर्डर खुलवाने की मांग