आज सुबह खेतों में पड़ा मिला शव
Rohtak News (आज समाज) रोहतक: जिले के गांव में एक युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतारने का मामला प्रकाश में आया है। युवक शनिवार सुबह काम के लिए घर से निकला था पर वापस नहीं लौटा। युवक का शव आज सुबह खेतों में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। घटना गांव मदीना की है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।

शरीर पर चोट के निशान

मृतक की पहचान 46 वर्षीय कर्मवीर के रूप में हुई, जो खेतों में मजदूरी करने का काम करता था। शनिवार की सुबह वह घर से खेतों में काम करने के लिए गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह कर्मवीर का छोटा भाई खेत में गया तो वहां कर्मवीर का शव पड़ा हुआ था। शव को लेकर परिजन घर आ गए और पुलिस को सूचना दी। मृतक कर्मवीर के शरीर पर चोटों के निशान है, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। आशंका है कि किसी ने लाठी डंडों से पीट पीटकर कर्मवीर को मौत के घाट उतारा और शव को खेतों में ले जाकर फेंक दिया। शव मिलने के बाद से गांव में सनसनी फैली हुई है।

खेतों में मजदूरी करता था कर्मवीर

मृतक कर्मवीर गांव मदीना में अपने छोटे भाई के साथ खेतों में मजदूरी करने का काम करता था। कर्मवीर अविवाहित था और शराब पीने का आदी था। शनिवार सुबह घर से सत्य के खेत में मजदूरी करने के लिए निकला था, जिसके बाद आज सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला। कर्मवीर की किसने हत्या की, क्यों की, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

आरोपियों की तलाश मे जुटी पुलिस

थाना बहु अकबरपुर के इंचार्ज नीरज ने बताया कि खेतों में एक शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक शव को परिजन घर लेकर आ गए। मृतक के शरीर पर चोट के निशान है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मामले में परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

ये भी पढ़ें : हरियाणा सीएम के ओएसडी गजेंद्र फोगाट का गाना ‘तड़कै पावेगी लाश नहर में’ बैन