लोगों से हफ्ता वसूली करता था मृतक
Mahendragarh News (आज समाज) महेंद्रगढ़: जिले के कस्बे नारनौल में गत देर रात एक शादी समारोह में पड़ाल के पीछे दोस्तों के साथ ताश खेल रहे एक युवक को चाकू घोंपकर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक युवक लोगों से हफ्ता वसूली के चलते इलाके में ‘हफ्ता’ के नाम से मशहूर था। पुलिस जांच में पता चला कि उस पर 6 केस चल रहे थे। जिनमें वह जेल जाकर भी आ चुका था। पुलिस ने मोहल्ले के युवक परवीन को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी उनके बीच झगड़े की वजह सामने नहीं आई है।

ताश खेलते हुआ झगड़ा

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को नारनौल के पुरानी मंडी इलाके के मोहल्ले में शादी समारोह था। सभी उसी में व्यस्त थे। इस दौरान महेश मोहल्ले के ही दूसरे युवकों के साथ पंडाल के पीछे ताश खेल रहा था। ताश खेलने के दौरान ही महेश का झगड़ा हो गया है। उनमें आपस में हाथापाई हुई।

चाकू मारकर फरार हुए हमलावर

इसके बाद आरोपी उसे चाकू मारकर भाग गए। इस घटना का पता तब चला जब महेश ने शोर मचाया। उसका शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे। वे उसे उठाकर अस्पताल ले गए और पुलिस को भी सूचना दी। महेश को सिविल अस्पताल ले जाया गया था। वहां से उसे प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। हालांकि, उसके घाव गहरे थे, इसलिए इलाज के दौरान महेश ने दम तोड़ दिया।

2 साल पहले की थी लव मैरिज

स्थानीय लोगों ने यह भी बताया है कि महेश कोई काम-धंधा नहीं करता था। वह करीब 2 साल पहले लव मैरिज कर एक लड़की ले आया था, लेकिन कुछ दिन बाद वह भी छोड़कर चली गई। इसके बाद से महेश शराब और जुए में ही लगा हुआ था। महेश के पिता रघुवीर योगी घर छोड़ कर राजस्थान चले गए हैं। वह अलवर के एक मंदिर में महाराज बने हुए हैं। वहीं, उसका एक भाई है, जो एक दुकान पर काम करता है। घर में मां हैै।

ये भी पढ़ें : Union Budget Expectation: वित्त वर्ष 2025 26 के बजट से कई बदलाव की उम्मीद