Himachal News : हिमाचल की राजनीति में बना अनोखा रिकॉर्ड

0
135
हिमाचल की राजनीति में बना अनोखा रिकॉर्ड
हिमाचल की राजनीति में बना अनोखा रिकॉर्ड

उपचुनाव के नतीजों के बाद पहली बार प्रदेश विधानसभा में नहीं होगा कोई निर्दलीय विधायक

Himachal News (आज समाज), शिमला : प्रदेश की राजनीति में राज्यसभा चुनाव के साथ शुरू हुई उथल-पुथल अब पूरी तरह से समाप्त हो चुकी है। गत दिवस आए तीन विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद अब कांग्रेस के 40 विधायक हो चुके हैं। इन नतीजों ने प्रदेश की राजनीति में अनोखा रिकॉर्ड बना दिया है।

प्रदेश के इतिहास में अब पहला मौका होगा जब विधानसभा में कोई भी निर्दलीय विधायक नहीं होगा। बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में हमीरपुर से आशीष शर्मा, नालागढ़ से केएल ठाकुर और देहरा से होशियार सिंह ने बतौर निर्दलीय प्रत्याशी जीत दर्ज की थी। राज्यसभा चुनाव के बाद इन तीनों ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए भाजपा ज्वाइन कर ली थी। इसके बाद हुए उपचुनाव में ये भाजपा प्रत्याशी के रूप में ही चुनाव मैदान में उतरे थे।

सीएम ने जीत को कार्यकर्ताओं और लोगों की जीत बताया

प्रदेश में तीन में से दो विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद सीएम सुखविंद्र सिंह ठाकुर ने भााजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के मतदाताओं के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के मेहनती कार्यकतार्ओं की जीत है। प्रदेश की जनता ने खरीद-फरोख्त की राजनीति को नकार कर अपना वोट राज्य में राजनीतिक पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरा में 25 वर्षों के बाद कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है और नालागढ़ में भी कांग्रेस प्रत्याशी बड़े अंतर से जीते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अब कोई भी पार्टी आने वाले 50 साल में खरीद-फरोख्त की राजनीति करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएगी और प्रदेश से यह संदेश पूरे देश की राजनीति में जाएगा। सीएम ने कहा कि 28 फरवरी, 2024 को प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर चुनी हुई सरकार को गिराने का षड्यंत्र रचा गया, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के विधायकों की संख्या एक बार फिर 40 हो गई है।

प्रदेश में कांग्रेस हुई मजबूत : अग्निहोत्री

प्रदेश में गत दिवस आए उप चुनाव के नतीजों के बाद सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस और मजबूत हुई है। उपचुनाव में तीन में से दो सीट पर जीत दर्ज करके कांग्रेस ने भाजपा को जोरदार जवाब दिया है। यह शब्द पार्टी की जीत से गदगद उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने धनबल के साथ प्रदेश का जनमत खंडित करने की नाकाम कोशिश की जिसे जनता ने नकार दिया।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि तीन उपचुनाव में जनता ने कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत से दो विधानसभा क्षेत्र में विजय दिलाई है और एक विधानसभा क्षेत्र में हम थोड़े से मार्जिन से पीछे रहे हैं। यह जनता का जनमत है जिसे सिर आंखों पर लेकर स्वीकार करते हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए कभी दिल्ली जा रहे थे तो कभी राज्यपाल के पास जा रहे थे। वे कभी 4 जून तो कभी 13 जुलाई कह रहे थे। उन्होंने कहा कि अब उन्हें बताना चाहिए कि कब शपथ लेंगे? उन्होंने कहा कि 2022 में जनता ने कांग्रेस को बहुमत का 40 का आंकड़ा दिया था, हम फिर से उस आंकड़े को प्राप्त करने में सफल हुए हैं।