Haryana Assembly Election: विधानसभा चुनाव का रुख तय करेंगे 94 लाख युवा वोटर

0
147
विधानसभा चुनाव का रुख तय करेंगे 94 लाख युवा वोटर
विधानसभा चुनाव का रुख तय करेंगे 94 लाख युवा वोटर

Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची अपडेट हो गई है। राज्य में कुल दो करोड़ दो लाख 24 हजार 958 मतदाता हैं। इनमें 46 फीसदी मतदाता की उम्र 18 से 39 साल के बीच है। दरअसल राज्य के मतदाता दो सितंबर तक वोट बनवा सकते हैं। वहीं, थर्ड जेंडर के कुल 458 मतदाता हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक 94 लाख मतदाता में करीब 52 लाख वोट पुरुषों के हैं और 41 लाख मतदाता महिलाएं हैं। 18-19 आयु वर्ग के कुल 501682, 20 से 29 आयु वर्ग के 4186591 और 30 से 39 आयु वर्ग के 4718662 मतदाता दर्ज हैं। चुनाव आयोग की ओर जारी की गई अंतिम मतदाता सूची में एक दिलचस्प तथ्य देखने को मिला है। 59 आयु वर्ग तक के मतदाताओं में पुरुषों की संख्या ज्यादा है। वहीं, 60 साल से ऊपर आयु वर्ग में महिलाओं का वर्चस्व दिखता है। 60-69 आयु वर्ग में कुल 2149786 मतदाता हैं। इनमें पुरुष 1060573 और महिलाओं की संख्या 1089197 हैं। इसी तरह 70 से 79 आयु वर्ग में कुल दस लाख 54 हजार 371 मतदाता हैं। इनमें चार लाख 98 हजार 617 मतदाता पुरुष हैं, जबकि महिला मतदाता की संख्या पांच लाख 55 हजार 752 है। वहीं, 80 से 89 आयु वर्ग में कुल मतदाताओं की संख्या 340877 हैं। इनमें एक लाख 51 हजार 949 पुरुष मतदाता हैं, जबकि एक लाख 88 हजार 928 मतदाता हैं।

सभी दल युवा उम्मीदवारों पर ज्यादा लगाएंगे दांव

इस बार सभी दलों की नजरें युवा मतदाताओं पर रहेगी। युवा मतदाताओं को लुभाने के लिए राजनीतिक दल युवा मतदाताओं के लिए बड़ी घोषणा कर सकते हैं। वहीं सभी दल ज्यादा से ज्यादा युवा उम्मीदवार उतारने की कोशिश में जुटे हैं। भाजपा के प्रभारी डा. सतीश पुनिया कह चुके हैं इस बार भाजपा की सूची में युवा और ऊजार्वान उम्मीदवारों को तवज्जो दी जाएगी। उधर, कांग्रेस भी 40 फीसदी टिकट युवा उम्मीदवार देने के पक्ष में हैं। युवाओं की बात हो तो नौकरियों का मुद्दा कैसे छूट सकता है। भाजपा जहां एक लाख 41 हजार युवाओं को बिना पर्ची व खर्ची के नौकरी देने के मुद्दे को उठा रही है। वहीं, कांग्रेस बेरोजगारी के मुद्दे पर युवाओं के बीच ले जा रही है।