Kurukshetra News:विदेश भेजने के नाम पर ठगे 72 लाख, थमाया फर्जी वीजा

0
63
विदेश भेजने के नाम पर ठगे 72 लाख ठगे, थमाया फर्जी वीजा
विदेश भेजने के नाम पर ठगे 72 लाख ठगे, थमाया फर्जी वीजा

Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र शहर में कबूतरबाजी का मकड़जाल फैलता ही जा रहा है। कबूतरबाज न सिर्फ लोगों की खून-पसीने की कमाई पर डाका डाल रहे हैं बल्कि उनकी जान तक को दांव पर लगा रहे हैं। पुलिस ने एक ही दिन में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। फर्जी वीजा देकर तो कहीं स्टडी वीजा के नाम पर कबूतरबाजों ने लाखों रुपये की ठगी कर ली। इन मामले में कबूतरबाजों ने साढ़े 72 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। थाना शहर थानेसर में अंकुश सैनी निवासी अजरानी ने बताया कि उसने पिछले साल दो अप्रैल को आॅस्ट्रेलिया जाने के लिए वर्क परमिट पर नीरज सैनी उर्फ नीरू व जसप्रीत से फाइल लगवाई थी। सात अक्तूबर को आरोपियों ने आॅस्ट्रेलिया का वर्क परमिट वीजा दिया था। इससे पहले उसने 10 सितंबर तक पूरी रकम 25 लाख रुपये उसको थमा दी थी। आरोपियों ने उसे थाईलैंड की टिकट दी और वहां से दो दिन के बाद आॅस्ट्रेलिया की टिकट देने का आश्वासन दिया, मगर आरोपियों ने उसे एक महीने तक थाईलैंड में रोक कर रखा। उसके बाद उन्होंने उसे वियतनाम और फिर मोरक्को भेज दिया था। इस दौरान आरोपी उसे बार-बार आॅस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देते रहे। मोरक्को में उसके साथ कुछ और लोग भी थे, जिनमें से एक व्यक्ति को रात के समय किडनैप करवा दिया। वे वहां से बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाकर भाग आए। बाद में वह इमरजेंसी सर्टिफिकेट पर भारत लौटा। यहां आकर उसे पता चला कि ये सभी वीजा नकली थे। पुलिस ने शिकायत पर नीरज सैनी उर्फ नीरू, सुलखन मसीह उर्फ अजय कुमार व गुरजिंद्र सिंह उर्फ जसप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसी थाने में अभिनव चौहान निवासी अमीन ने बताया कि मनदीप और रंजना ने उसे 25 लाख रुपये में इंग्लैंड भेजने का आश्वासन दिया था, जिसमें तीन किस्त में रुपये देने थे। उनकी बातों में आकर उसने अग्रिम राशि के तौर पर 10 लाख रुपये दिए थे। आरोपियों ने उससे कुल साढ़े 20 लाख रुपये लेकर इंग्लैंड का वीजा दिया। मार्च में आरोपियों ने उसे इंग्लैंड भेज दिया, मगर वहां उसे एयरपोर्ट सिक्योरिटी ने पकड़ लिया। जांच करने पर उसका वीजा फर्जी पाया गया। इसलिए उसे 15 दिन के लिए जेल में डाल दिया गया। शिकायत पर पुलिस ने उक्त आरोपी दंपती सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

महिला अधिकारी से ठगे 27 लाख

थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में सुमन निवासी सोनीपत ने बताया कि वह सोनीपत में जिला शिक्षा मौलिक अधिकारी के रूप में कार्यरत है। उसके बेटे देव को विक्रांत व सिखा निवासी चंडीगढ़ ने जनवरी 2023 में स्टडी बेस पर 30 लाख रुपये में कनाडा भेजने का झांसा दिया था। आरोपी ने उससे करीब 27 लाख रुपये लेकर कनाडा का वीजा दिया। जांच कराने पर पता चला तो वीजा फर्जी पाया गया। आरोपी अपना मकान खाली करके फरार हो गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों मामले की जांच कर रही है।