युद्ध नशों विरुद्ध मुहिम के 20वें दिन प्रदेशभर में 440 छापों के बाद 97 नशा तस्कर गिरफ्तार
Punjab News Today (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश सरकार द्वारा नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए चलाए गए अपने अहम अभियान में प्रदेश की जनता का भरपूर साथ मिल रहा है। एक तरफ जहां सामाजिक संस्थाएं सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर इस अभियान में उसका साथ दे रहीं हैं तो वहीं प्रदेश की पंचायतें भी खुलकर इस अभियान का हिस्सा बन रहीं हैं। इसी के चलते प्रदेशभर की 3000 से अधिक पंचायतों ने नशों के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर, राज्य से नशे की समाप्ति के लिए पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान को एक महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंचा दिया है।
जन आंदोलन बना सरकार का अभियान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान अब एक जन आंदोलन में बदल गया है, और प्रदेशभर के गांव एवं कस्बे पूरी निष्ठा और सक्रियता से इसका हिस्सा बन रहे हैं। गौरतलब है कि नशा तस्करों के खिलाफ चल रही इस मुहिम के तहत पंजाब पुलिस ने डायरेक्टर जनरल आॅफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के नेतृत्व में एक विशेष नशा विरोधी जागरूकता अभियान भी शुरू किया है, ताकि इस गंभीर समस्या के खिलाफ लड़ाई में आम जनता की आवश्यक एवं सशक्त भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
गुरुवार को पुलिस ने इतनी रिक्वरी की
विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला ने अभियान संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को 97 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया, 1.5 किलो हेरोइन, 100 ग्राम अफीम, 2 किलो गांजा और 1.86 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। पिछले 20 दिनों के दौरान कुल गिरफ्तारियों की संख्या 2463 तक पहुंच गई है, जो ड्रग नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में की जा रही कार्रवाई को दर्शाती है।
1300 से अधिक पुलिस कर्मियों ने लिया हिस्सा
विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि 84 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1300 से अधिक पुलिस कर्मियों वाली 200 से अधिक पुलिस टीमों ने प्रदेशभर में 440 स्थानों पर छापेमारी की और 58 एफआईआर दर्ज कीं। इसके अलावा, पुलिस टीमों ने दिनभर चले इस आॅपरेशन के दौरान 478 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच भी की।
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : पंजाब में शिक्षा क्रांति का दूत बनें युवा : मान
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : किसानों और केंद्र के बीच 4 मई को होगी निर्णायक बैठक