Fatehabad News: फतेहाबाद में साढ़े 3 वर्षीय रेप पीड़ित बच्ची की मौत

0
167
फतेहाबाद में साढ़े 3 वर्षीय रेप पीड़ित बच्ची की मौत
फतेहाबाद में साढ़े 3 वर्षीय रेप पीड़ित बच्ची की मौत

Fatehabad News (आज समाज) फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद के टोहाना ग्रामीण इलाके में दरिंदगी का शिकार हुई साढ़े 3 साल की मासूम बच्ची ने आखिरकार 9 दिनों बाद रोहतक पीजीआई में दम तोड़ दिया। बच्ची को उसके पिता के ही जानकार 2 युवकों ने आधी रात को घर से उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। अलसुबह बच्ची खून से लथपथ हालत में सड़क पर मिली थी। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। यह शर्मनाक घटना 29 जून की रात की है। तब से बच्ची पीजीआई रोहतक में भर्ती थी। बच्ची के माता-पिता ने बताया था कि वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच क्षेत्र के रहने वाले हैं। डेढ़ 2 माह पहले टोहाना के पास स्थित एक गांव में खेत मजदूरी करने के लिए आए थे। यहां एक जमींदार के खेत में वह रह रहे हैं। 29 जून शनिवार रात को उनकी जान पहचान के 3 युवक उनके घर आए थे। वह भी आसपास के गांवों के खेतों में मजदूरी करते हैं। रात को वे वापस चले गए और परिवार सो गया। पिता ने बताया कि आधी रात को 3 बजे वह उठा तो देखा कि बच्ची अपने बिस्तर पर नहीं थी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी को उठाया और खेत मालिक को भी सूचित किया। सभी ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। बच्ची कुछ ही दूरी पर जाखल रोड पर लहूलुहान हालत में मिली। बच्ची ने बताया कि युवकों ने उसके साथ हैवानियत की है। इसके बाद परिजन अल सुबह करीब 4-5 बजे बच्ची को एम्बुलेंस से टोहाना नागरिक अस्पताल ले आए। वहां पुलिस को भी सूचित किया गया। बच्ची की हालत गंभीर थी और उसे प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया गया। खेत मालकिन ने बताया कि आरोपी इन्हीं की तरह खेतों में काम करते हैं। एक बार तो आरोपी चले गए थे। जब परिवार के लोग सो गए तो पीछे से ही वह बच्ची को उठाकर ले गए। टोहाना सदर थाना के एसएसओ देवीलाल ने बताया कि पीड़ित पक्ष खेतों में धान लगाने के लिए काम करते हैं। उनके खेत मकान में मुकेश, सतीश और शंभू नामक 3 लोग आए थे। जहां उन्होंने शराब व मीट आदि की पार्टी की। बाद में शंभू वहां से चला गया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद में बाकी दोनों द्वारा बच्ची को उठाकर गलत काम करने की बात सामने आई थी। दोनों के खिलाफ रेप, पॉक्सो एक्ट और अपहरण के आरोप में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।