Gurugram News Haryana: 2 महिलाओं ने रचाई शादी

0
60
2 महिलाओं ने रचाई शादी
2 महिलाओं ने रचाई शादी

टीवी एक्ट्रेस बनीं दूल्हा, मेकअप आर्टिस्ट दुल्हन, 80 बाराती पहुंचे
Haryana News (आज समाज) गुरुग्राम: गुरुग्राम की रहने वाली अंजू शर्मा पेशे से टीवी सीरियलों में काम करती हैं। उन्होंने फतेहाबाद की रहने वाली मेकअप आर्टिस्ट कविता टप्पू से शादी की। इस रिश्ते में अंजू शर्मा पति का किरदार निभा रही हैं तो कविता पत्नी का। अंजू बताती है की उनका नाम तो अंजू है, लेकिन उनकी बीवी प्यार से अज्जू और शोना बोलती हैं। वह 4 साल से एक दूसरे के साथ हैं। उनकी शादी हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई। दोनों परिवार ने उन्हें स्वीकार कर लिया है। उनकी शादी में 80 लोग आए थे। अंजू ने बताया कहा कि हर लड़की और लड़के का सपना होता है कि उनका वंश बढ़े, लेकिन कई दफा ऐसी दिक्कत आ जाती है कि उन्हें बच्चे नहीं हो पाते। विज्ञान बहुत आगे पहुंच गया है। हम दोनों ने सोचा है कि अनाथ आश्रम से बच्चा गोद लेंगे। अंजू ने बताया कि उन्होंने हॉल वाले, डीजे वाले को पहले ही बता दिया था कि 2 लड़कियों की शादी है ताकि बाद में ऐन वक्त पर कोई परेशानी खड़ी न हो। बावजूद इसके सुबह पंडित ने फोन कर कहा कि मैं नहीं आ पाऊंगा, मेरे साथ बहुत बड़ी दुर्घटना हो गई है। यह सुनकर सभी परेशान हो गए। इसके उनकी एक दोस्त ने जानकर पंडित को फोन किया। इसके बाद उनकी शादी में एक नहीं 2 पंडित आए।

शूट पर हुई दोनों की मुलाकात

अंजू ने बताया कि कोरोना कॉल के दौरान लॉकडाउन लगा था। उनका एक यूट्यूब चैनल है। यूट्यूब के शूट के लिए कविता को बतौर मेकअप आर्टिस्ट बुलाया गया था। शूट के दौरान दोनों के बीच लगाव हो गया। जब वह शूट के बाद कविता को घर छोड़ने गई तो कविता ने कहा कि वह उनके साथ ही चलेगी। इसके बाद उनका एक दूसरे के घर आना जाना शुरू हो गया। तब मेरी मां इस दुनिया में थीं। मम्मी को भी कविता से लगाव हो गया। जब भी कविता घर आती तो मम्मी उन्हें नहीं जाने देती थी। कविता उनकी बहुत सेवा करती थी। आज मम्मी इस दुनिया में नहीं है, लेकिन कविता उनकी बहू बन गई। मम्मी जहां भी होंगी, बहुत खुश होंगी। यह भी एक कारण है कि मैं कविता के बिना नहीं रह सकती।

कविता ने बुरे वक्त में साथ दिया: अंजू

अंजू ने बताया कि हमें नहीं पता कि हम प्यार करते हैं या नही, लेकिन हम एक दूसरे के बिना नहीं रह सकते। उसकी मां का साल 2022 में स्वर्गवास हो गया। उससे पहले उनके 22 वर्षीय भांजे की एक दुर्घटना में मौत हो गई। वो वाला दौर बहुत ही मुश्किल भरा था। सभी ने उनका साथ छोड़ दिया था, सिर्फ टप्पू (कविता) ही थी जो उस दुख भरे दौर में मेरे साथ खड़ी थी। उसके बाद धीरे-धीरे उन्हें पता ही नहीं चला कि कब उनको एक दूसरे से इतना लगाव हो गया।

कविता के पापा और भाई को अपशब्द कहे

अंजू ने कहा कि वह समाज की चिंता नही करती। क्योंकि समाज उन्हें खाने को नहीं दे रहा है। सोशल मीडिया पर उनको इतना ज्यादा ट्रोल किया जाता है और लोग अपशब्द का इस्तेमाल करते है कि बताया भी नहीं जा सकता। जब कविता के पापा और भाई शादी में आए थे तो लोगों ने उनको भी अपशब्द कहे। वह लोगों से पूछना चाहती है कि उन्होंने ऐसा क्या गुनाह कर दिया, सिर्फ प्यार ही तो करा है। सबसे ज्यादा महिलाएं उन्हें अपशब्द बोलती हैं।