राशन कार्ड के सिलसिले में कई दिन से जिला खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय के चक्कर लगा रही थीं लड़कियां
Sonipat News (आज समाज) सोनीपत: जिला खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय में सोमवार को दो लड़कियों ने जमकर बवाल काटा। लड़कियां कई दिनों से राशन कार्ड के सिलसिले में जिला खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय के चक्कर लगा रही थीं लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हा रहा था।
जिस कारण गुस्से में आकर लड़कियों ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को थप्पड़ जड़ दिए। शोर सुनकर कर्मचारी अधिकारी के कमरे में पहुंचे, उनके सामने भी लड़की ने अधिकारी को कई थप्पड़ मारे। डीएफएससी की शिकायत पर पुलिस ने दोनों लड़कियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। लड़कियों के नाम सामने आ गए हैं, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
राशन कार्ड से जुड़ी प्रक्रिया के बारे में बताया
सोनीपत के डीएफएससी हरवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि दो लड़कियां राशन कार्ड, फैमिली आईडी से संबधित समस्या लेकर उनके कार्यालय में आईं थी। इनमें से एक लड़की एक के बाद एक 3-4 बार कार्यालय में आई। दोनों लड़कियों को राशन कार्ड से जुड़ी प्रक्रिया के बारे में पहले ही विस्तार से समझा दिया था।
अधीक्षक सामने भी मारे थप्पड़
इसके बाद लड़की दरवाजे की तरफ गई। फिर एक दम से वापस मुड़ कर आ गई। लड़की ने इसके बाद चिल्लाते डीएफएससी को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। साथ ही वह आवाज देकर अपने साथियों को बुलाने लगी। कार्यालय में शोर-शराबा सुनकर अधीक्षक भी वहां पहुंची। इसके बाद दूसरे स्टाफ के कर्मी भी वहां उनके कमरे में आ गए। डीएफएससी का कहना है कि अधीक्षक के सामने भी लड़की ने उसे थप्पड़ मारना जारी रखा। बड़ी मुश्किल से लड़कियों को वहां से हटाया गया।
दोनों लड़कियों के खिलाफ केस दर्ज
डीएफएससी ने पुलिस को बताया कि बाद में उनको पता चला कि थप्पड़ मारने वाली लड़की सोनिया थी और उसके साथ आई दूसरी लड़की का नाम मोनिका है। डीएफएससी ने दावा किया कि उनको लगता है कि दोनों लड़कियों ने किसी सोची-समझी साजिश के तहत यह कृत्य (हंगामा-मारपीट) की है। सोनीपत के सिविल लाइन थाना के एसआई परविंद कुमार के अनुसार, पुलिस ने धारा 121(1), 132 और 221 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें : Donald Trump के निमंत्रण पर अगले सप्ताह अमेरिका जाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी