गांव निर्जन गांव की घटना
(आज समाज) जींद: हरियाणा के जींद में 2 भाइयों की गोली मारकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। कार सवार बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना रात करीब 2 बजे की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। आज पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सतीश और दिलबाग का दूसरे पक्ष के साथ प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा था झगड़ा
जानकारी के अनुसार निर्जन गांव के रहने वाले 44 वर्षीय सतीश और 50 वर्षीय दिलबाग का गांव के ही कुछ लोगों के साथ सफीदों रोड बाईपास पर सत्यम गैस एजेंसी के गोदाम के निकट ही प्रॉपर्टी को लेकर झगड़ा चल रहा था। इसी मामले में रात को 11 बजे के करीब सतीश व दिलबाग के साथ दूसरे पक्ष के आरोपियों से झगड़ा भी हुआ।
कार में सवार होकर आए थे बदमाश
इसके बाद रात 2 बजे गाड़ी में सवार होकर कुछ लोग आए और आते ही सतीश और दिलबाग पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इसमें सतीश और दिलबाग दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर सतीश का बेटा मोहित बाहर आया तो दोनों जमीन पर पड़े मिले। मोहित दोनों को जींद के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालातों का जायजा लिया।
ये भी पढ़ें : सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंचा हरियाणा का तापमान, 6 जिलों में हीटवेव का हाई अलर्ट जारी
ये भी पढ़ें : डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को मिली 21 दिन की फरलो