Karnal Boys Died : करनाल के 2 लड़कों की अमेरिका में मौत

0
103
Karnal Boys Died : करनाल के 2 लड़कों की अमेरिका में मौत
शोक में डूबा परिवार।

Karnal Boys Died : इशिका ठाकुर। करनाल। प्रदेश में बढ़ रही बेरोजगारी और परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए डॉलर कमाने की चाह में विदेश गए कई युवकों की हादसे में मौत के मामले सामने आ रहे हैं। कुछ महीनों से यह मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते दिनों कैथल के 2 युवकों की मौत का मामला सामने आया था।

अब अमेरिका के कैलिफोर्निया की सैन फ्रांसिस्को झील में डूबने से करनाल जिले के 2 लड़कों की मौत का मामला सामने आया है। एक युवक असंध के गोबिंदगढ़ का है, जबकि दूसरा करनाल के चुरनी गांव का है। दोनों लड़के डंकी से अमेरिका गए थे। दोनों ही अपने परिवार के इकलौते चिराग थे। दोनों ही परिवारों की आर्थिक हालत ठीक नहीं है।

अब परिवार अपने बेटों के शव अमेरिका से भारत लाने के लिए सरकार से गुहार लगा रहे हैं ताकि दोनों को अपने गांव की मिट्टी नसीब हो सके। गोबिंदगढ़ का महताब (21) व चुरनी गांव का इक्कम सिंह (17) दोनों ही अमेरिका में काम करते थे और गत 25 जून को कैलिफोर्निया की सैन फ्रांसिस्को झील में नहाने गए थे।

गोबिंदगढ़ निवासी महताब सिंह, चुरनी गांव निवासी इक्कम सिंह व फैजपुर निवासी चरणजीत सिंह (28) तीनों ही एक ही कमरे पर रहते थे। गत 25 जून को कैलिफोर्निया की सैन फ्रांसिस्को झील में नहाने गए थे। नहाते समय इक्कम सिंह सबसे आगे था। उसके बाद महताब सिंह और फिर चरणजीत।

इक्कम सिंह जब डूबने लगा तो महताब और चरणजीत उसे बचाने के लिए पानी की गहराई में जाने लगे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने चरणजीत और महताब को बाहर निकाल लिया लेकिन इक्कम सिंह का कोई सुराग नहीं लग पाया।

इलाज के दौरान महताब की मौत हो गई। 24 घंटे बाद इक्कम सिंह का शव झील से पुलिस ने बरामद किया। चरणजीत की हालत खतरे से बाहर है।

1 साल पहले डंकी से गए थे अमेरिका Karnal Boys Died

Karnal Boys Died : करनाल के 2 लड़कों की अमेरिका में मौत
शोक में डूबा परिवार।

करनाल जिले के गोबिंदगढ़ का महताब सिंह पुत्र गुलाब सिंह करीब 1 साल पहले डंकी से अमेरिका गया था। वहां उसका काम अच्छी तरह से चल रहा था।

मौत से 1 दिन पहले ही उसने अपने पिता से बात की थी। वह काफी खुश था और अपने काम के बारे में भी बताया था कि उसका काम अच्छा चल रहा है। पिता गुलाब सिंह ने बताया कि महताब अपने दोस्तों के साथ झील में नहाने गया था। अचानक वह डूब गया। वह घर का इकलौता बेटा था। वहां वह अच्छा काम कर रहा था।

गत 25 जून को हुए इस हादसे की सूचना महताब के फूफा ने दी जोकि अमेरिका में ही रहते हैं। महताब और उसके दोस्त पहले कभी झील में नहाने नहीं गए थे लेकिन पहली बार गए और यह हादसा हो गया।

पिता ने लगाई मदद की गुहार Karnal Boys Died

Karnal Boys Died : करनाल के 2 लड़कों की अमेरिका में मौत
महताब सिंह

महताब के पिता खेती-बाड़ी करते हैं। उन्होंने करीब 35 लाख रुपए खर्च कर अपने बेटे को अमेरिका भेजा था लेकिन आज वह बेटा उनके बीच नहीं रहा। पिता ने सरकार से अनुरोध किया है कि उनके बेटे का शव भारत लाया जाए ताकि रीति-रिवाज के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।

इसके साथ ही परिवार अब कोशिश कर रहा है कि महताब का शव भारत लाया जा सके। अगर यह संभव नहीं होता तो वे इमरजेंसी वीजा लगवाने का प्रयास करेंगे ताकि माता-पिता अमेरिका जाकर वहीं अंतिम संस्कार कर सकें। इसको लेकर सरकार से बातचीत की जा रही है।

नाबालिग था इक्कम सिंह Karnal Boys Died

Karnal Boys Died : करनाल के 2 लड़कों की अमेरिका में मौत
इक्कम सिंह (17)

गांव चुरनी का इक्कम सिंह 14 महीने पहले ही अमेरिका गया था। वहां वह जॉब कर रहा था। उसके घर वालों ने आधी जमीन बेचकर उसे अमेरिका भेजा था ताकि घर के हालात सुधर सकें।

वह घर का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन (19) भी है। मृतक के पिता रूपिंद्र सिंह ने बताया कि हमें विश्वास नहीं हो रहा कि हमारे बेटे के साथ ऐसा हो सकता है। घर का इकलौता चिराग बुझ चुका है।

घर की आर्थिक स्थिति इतनी ज्यादा मजबूत नहीं कि बेटे का शव भारत लाया जा सके। लाखों रुपए खर्च होंगे। उन्होंने लोगों से और सरकार से मदद की गुहार लगाई है।

बेटे का शव भारत आ जाता है तो उसका आखिरी बार चेहरा देख पाएंगे। इक्कम सिंह के पिता भी खेती-बाड़ी करते हैं। Karnal Boys Died

यह भी पढ़ें : KARNAL BREAKING NEWS : यमुना में हो रहा अवैध खनन, प्रशासन बेखबर