Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़ : प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उन्हें कृषि के साथ-साथ कृृषि से संबंधित सहायक धंधे अपनाने पर जोर दे रही है। इन सहायक धंधों में से बागवानी प्रमुख है। प्रदेश सरकार जहां बागवानी को बढ़ावा दे रही है वहीं इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि बागवानी के क्षेत्र में विशेषज्ञों की कमी न रहे। जिससे किसानों व बागवानों को उचित मार्गदर्शन देने में किसी प्रकार की कमी न हो। इसी के चलते प्रदेश सरकार ने बागवानी विभाग में 111 अधिकारियों की जल्द भर्ती करने की प्लांनिग बनाई है।
यह जानकारी देते हुए बागवानी मंत्री मोहिंद्र भगत ने बताया कि पंजाब सरकार ने 111 बागवानी विकास अधिकारियों (एचडीओ) की भर्ती को मंजूरी दे दी है। राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश में बागवानी क्षेत्र को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस पहल का उद्देश्य बागवानी क्षेत्र का समग्र विकास करना, किसानों को सहयोग देना और राज्य में अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है।
जल्द शुरू की जाएगी भर्ती प्रक्रिया
बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा इन 111 बागवानी विकास अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की स्वीकृति दे दी गई है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चयन प्रक्रिया जल्द से जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक विवरण पंजाब लोक सेवा आयोग (पीपीएससी) को भेजे जाएं। मंत्री ने कहा कि बागवानी विकास अधिकारियों की भर्ती किसानों को तकनीकी दक्षता, आधुनिक खेती के अभ्यास और बेहतर सहायता सेवाएं प्रदान कर बागवानी क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
इन अधिकारियों की भर्ती के दूरगामी प्रभाव पड़ेंगे
उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों की भर्ती से राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था पर दूरगामी प्रभाव पड़ने की संभावना है। इन प्रशिक्षित पेशेवरों की मदद से किसानों को फसल प्रबंधन, जैविक खेती और उन्नत कृषि तकनीकों में बेहतर सहायता मिलेगी, जिससे उनकी उत्पादकता और आय में वृद्धि होगी। इसके अलावा, यह पहल विभिन्न सरकारी योजनाओं को लागू करने में भी सहायता करेगी और पूरे पंजाब में बागवानी गतिविधियों के विस्तार को प्रोत्साहित करेगी।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब के कर्मचारियों और पेंशनर्स की बल्ले-बल्ले
ये भी पढ़ें : Punjab CM News : पंजाब को मॉडल प्रदेश बनाएंगे : भगवंत मान