11 killed in floods and rains in Pune, school-college holidays declared: पुणे में बाढ़ और बारिश में 11 की मौत, स्कूल- कॉलेजों की छुट्टियां घोषित

0
286

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में भारी बारिश ने आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। बारिश और बाढ़ ने अब तक 11 जीवन लील लिए हैं। अब तक शहरी इलाकों से आठ लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। खेड़ शिवापुर इलाके से तीन शव बरामद किए गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गौरतलब है कि खराब मौसम और बाढ़ के कारण प्रशासन ने आज सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए हैं। वहीं, मुंबई मौसम विभाग ने कहा है कि सासवाड़ में भारी बारिश के कारण, मल्हारसागर बांध से 85000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

इससे बारामती शहर में बाढ़ आने की संभावना है। इसके लिए जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने पुणे में और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश से हुए जानमाल के नुकसान को लेकर दुख प्रकट किया। उन्होंने अपनी संवेदन प्रकट की और कहा कि हम जरुरतमंदों को सभी संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन अधिकारी और नियंत्रण कक्ष पुणे कलेक्टर और नगर निगम के निरंतर संपर्क में हैं। दो एनडीआरएफ की टीमें पुणे में और दो बारामती में तैनात हैं। एक और एनडीआरएफ टीम बारामती भेज दिया गया है। राज्य सरकार भी बांध से छोड़े गए पानी की बारीकी से निगरानी कर रही है।
भारी बारिश के कारण बुधवार रात सहकार में एक दीवार ढह गई। जिससे छह लोगों की मौत हो गई। दीवार गिरने की वजह से लगभग 150 घरों को नुकसान पहुंचा हैं। बुधवार को हुई भारी बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। दमकल विभाग के प्रमुख प्रशांत रानपिसे ने बताया कि सिंहगढ़ रोड, धनकवाड़ी, बालाजीनगर, अंबेगांव, सहकार नगर, कोल्हेवाड़ी और कीरकटवाड़ी में लोगों को जलजमाव का सामना करना पड़ा है। पुणे के जिलाधिकारी नवल किशोर राम ने भारी बारिश के बाद गुरुवार को शहर के बारामती, भोर और हवेली तहसील के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।