प्रयास फाउंडेशन का हुआ विस्तार- प्रोफेसर सुशीला चौहान महिला प्रधान और नरेश सैनी को बनाया प्रधान

0
49

लोगों को नशा मुक्त करने में प्रयास और रोटी बैंक का सहयोग सराहनीय- डॉ. अशोक

कुरुक्षेत्र। आज प्रयास फाउंडेशन शाखा कुरुक्षेत्र की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। वर्ष 2000 से अस्तित्व में आई प्रयास फाउंडेशन के संस्थापक सेवानिवृत भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी श्री श्रीकांत जाधव साहब है जिन्होंने फतेहाबाद से इसका श्रीगणेश किया था। वर्ष 2020 में कुरुक्षेत्र में प्रयास शाखा बनाई गयी थी। प्रयास का कार्य नशा मुक्त अभियान से जुड़ा हुआ है। आज प्रयास की प्रधान प्रोफेसर सुशीला चौहान की अध्यक्षता में प्रयास कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय विधि संकाय की निदेशक प्रोफेसर सुशीला चौहान को महिला प्रधान मनोनीत किया जबकि राजकीय महाविद्यालय रादौर की प्रोफेसर रितु बेनीवाल को उप प्रधान मनोनीत किया गया। इसके साथ ही पुरुष वर्ग में नरेश सैनी को प्रधान चुना गया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से सेवानिवृत प्राचार्य डॉ. एम एम सिंह को उप प्रधान तथा शिक्षक एवं समाजसेवी भारतेन्दु हरीश को भी उप प्रधान बनाया गया। कुलदीप सिंह किरमच को महासचिव और सेवानिवृत पुलिस उप निरीक्षक कर्म चंद को कोषाध्यक्ष एवं प्रवीण कुमार को सह कोषाध्यक्ष चुना गया। इंजीनियर कंवल सचदेवा को समन्वयक का कार्यभार सौंपा गया। पत्रकार तरुण वधवा को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी चुने जाने के बाद महिला प्रधान प्रोफेसर सुशीला चौहान ने कहा कि यह एक ज्वलंत विषय है जिस पर सबको मिलकर कार्य करना होगा और हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर 9050891508 को जन जन तक पहुँचाने का कार्य भी करेंगे। नवनियुक्त प्रधान नरेश सैनी ने कहा कि प्रत्येक माह में कम से कम एक कार्यक्रम अवश्य किया जाएगा। नशा छोड़ने के इच्छुक लोगों का हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के माध्यम से उपचार कराया जाएगा। इस अवसर पर हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने सभी चुने गए पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान में प्रयास फाउंडेशन का सहयोग बहुत ही सराहनीय रहा है और भविष्य में भी ब्यूरो के साथ नशे को समूल नष्ट करने में सार्थक परिणाम सामने आएंगे। प्रयास फाउंडेशन और रोटी बैंक द्वारा नशा छोड़ने वाले लोगों के लिए जो आर्थिक और भोजन का सहयोग किया जाता है वह सराहनीय है।