कुवि एक साल में 75 हजार वृक्षारोपण कर पर्यावरण को करेगा संरक्षितः प्रो. सोमनाथ सचदेवा

0
10

कुवि के सभी फैकल्टी सदस्य व कर्मचारी 5 जुलाई को करेंगे वृक्षारोपण अभियान में भागीदारी
कुरुक्षेत्र, 3 जुलाई। 
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुवि के संकाय सदस्य, शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मचारी तथा विद्यार्थी एक साल में 75 हजार पेड़ रोपित कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान के लिए 5 जुलाई को विश्वविद्यालय परिसर में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसकी शुरुआत कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा करेंगे। यह जानकारी लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने दी।
उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। इस आशय का प्रस्ताव विगत 26 जून को एकेडमिक काउंसिल की बैठक में कुलपति प्रो. सोमनाथ की पहल पर पारित किया गया। इसी कड़ी में गत दिवस हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सुभाष सुधा ने एक विद्यार्थी, एक पौधारोपण अभियान की शुरूआत पेड़ लगाकर की थी। यह अभियान विश्वविद्यालय तथा सम्बन्धित महाविद्यालयों में साल भर चलेगा। इसके साथ ही एकेडमिक कांउसिल की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया था कि विद्यार्थी डिग्री के साथ उसके द्वारा लगाए गए पेड़ को टैग करेगा तथा इसके साथ-साथ विद्यार्थी उस पेड़ की देखभाल की करेगा।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पहला ऐसा विश्वविद्यालय है जिसने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में यह ऐतिहासिक कदम उठाया है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने ब्रह्म सरोवर एवं महिला छात्रावास के बीच की लगभग 45 एकड़ भूमि को रिजर्व फोरेस्ट के रूप में संरक्षित किया हुआ है। इससे पूर्व विश्वविद्यालय को ग्रीन कैम्पस अवार्ड भी मिल चुका है। आने वाले दिनों में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इस ऐतिहासिक कदम से जहां पर्यावरण संरक्षित होगा वहीं पर दूसरी ओर छात्रों का प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति लगाव बढेगा।

SHARE